सूरजपुर: डॉक्टर और दो नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ FIR: जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में कार्रवाई, सरकारी हॉस्पिटल से छुट्टी करवा ले गई थी प्राइवेट अस्पताल…
सूरजपुर । जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में सूरजपुर जिले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जांच के बाद जिला हॉस्पिटल में पदस्थ महिला चिकित्सक व उनके निजी हॉस्पिटल में पदस्थ 2 स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
ग्राम भुनेश्वरपुर निवासी 22 वर्षीय पूजा साहू पति रामनारायण साहू को प्रसव पीड़ा होने पर 3 अप्रैल को सूरजपुर के जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया था। यहां शासकीय चिकित्सक रश्मि कुमार ने उनका 4 अप्रैल तक इलाज किया था। उन्होंने पूजा साहू के परिजनों को कहा कि मेरा निजी हॉस्पिटल भी है। यदि पूजा को वहां एडमिट करवाया जाता है तो वहां नॉर्मल डिलीवरी बहुत ही कम खर्च में करवा देंगे। चिकित्सक रश्मि कुमार ने नॉर्मल डिलीवरी का 15 हजार रुपये और ऑपरेशन से डिलीवरी का 35 से 40 हजार रुपये खर्चा बताया। जिसके बाद पूजा साहू के पिता व परिजनों ने उसे जिला चिकित्सालय से निकालकर डॉक्टर रश्मि कुमार के निजी चिकित्सालय में भर्ती करवा दिया। रश्मि कुमार का निजी चिकित्सालय जिला मुख्यालय से लगे हुए ग्राम तिलसिवां में स्थित है। जिसे रश्मि नर्सिंग होम के नाम से जाना जाता है। 5 अप्रैल की सुबह 5 से 10 के बीच पूजा प्रसव पीड़ा से तड़पने लगी। जिस पर उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने पहले नॉर्मल डिलीवरी करवाने की बात कही फिर थोड़ी देर बाद कहा कि नार्मल डिलीवरी से बच्चा बाहर नहीं आ पा रहा है इसलिए ऑपरेशन करना पड़ेगा। फिर करीबन 12 बजे डॉक्टर ने ऑपरेशन थिएटर से बाहर आकर कहा कि बच्चे को क्रिटिकल स्थिति के चलते नहीं बचाया जा सका पर उसकी मां को इलाज कर बचा लिया गया है।


