Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: हरियाणा में दोपहर 1 बजे तक 36.48% वोटिंग, चुनाव ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की मौत, करनाल उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी
Haryana Lok Sabha Chunav 2024 phase 6 Live: आम चुनाव 2024 के छठे चरण में आज (25 मई, 2024) हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहे हैं। इस चरण में राज्य के सभी 10 संसदीय क्षेत्रों अंबाला, कुरूक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस चरण में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और कांग्रेस की कुमारी सैलजा सहित 223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा में 207 पुरुष और 16 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में दो करोड़ से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
साल 2019 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। बीजेपी अपनी पिछली सफलता को दोहराते हुए हरियाणा में अपना गढ़ बरकरार रखना चाहती है। हालांकि, भगवा पार्टी को JJP और INLD जैसी अन्य स्थानीय पार्टियों के साथ कांग्रेस द्वारा जोरदार चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (02:45) हरियाणा में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की मौत
हरियाणा में चुनावी ड्यूटी के दौरान अचानक से तबीयत खराब होने की वजह से एक कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक कर्मचारी सोनीपत के गांव गंगाना का रहने वाला था। उनकी सोनीपत के गांव सेरसा जाटी में चुनावी ड्यूटी लगी थी। सोनीपत के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हरियाणा के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर अनुराग अग्रवाल ने बताया कि सोनीपत में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की मौत पैरालिसिस के चलते हुई। चुनाव आयोग की तरफ से उनके परिवार को 15 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (02:24) ‘PoK हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) भारत का हिस्सा है और हम उसे लेकर रहेंगे। उन्होंने पड़ोसी देश के पास परमाणु बम होने संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
शाह ने हमीरपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के समर्थन में ऊना जिले के अम्ब में एक रैली में कहा, “पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर हमारा है, हमारा रहेगा और हम इसे लेकर रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव के पहले पांच चरणों में 310 सीटें जीत ली हैं और छठे तथा आखिरी चरणों के चुनाव में 400 पार का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 40 सीटों तक सीमित रहेंगे। शाह ने रैली में लोगों से यह पूछकर कांग्रेस पर निशाना साधा कि अगर वह सत्ता में आती है तो प्रधानमंत्री कौन होगा।
Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (02:10) दोपहर 1 बजे तक किस क्षेत्र में कितना हुआ मतदान
चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में शनिवार दोपहर 1 बजे तक 36.48 फीसदी वोटिंग दर्ज किया गया है। अंबाला में 38.12 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 38.37%, फरीदाबाद में 33.92%, गुरुग्राम में 30.59%, हिसार में 34.99%, करनाल में 35.69%, कुरूक्षेत्र में 40.06%, रोहतक में 38.15%, सिरसा में 40.48% और सोनीपत में 3707 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (01:47) हरियाणा में दोपहर 1 बजे तक 36.48% मतदान
हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव के दौरान शुरुआती दोपहर 1 बजे तक 36.48% प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफे के बाद यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।
Haryana Lok Sabha Chunav 2024 Live: (12:55) कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने डाला वोट
हरियाणा के कैथल में कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर चुनाव के दौरान शुरुआती दो घंटों में 8.31 प्रतिशत मतदान हुआ। करनाल विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चुनावी मैदान में हैं।


