झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का निधन, दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा
Jagarnath Mahto Death: झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का आज सुबह निधन हो गया है। उन्होंने चेन्नई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वे पिछले काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। हाल में उनके स्वास्थ्य की परेशानी को देखते रांची के पारस अस्पताल से चेन्नई एयरलिफ्ट करके एमजीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। जगरनाथ महतो के निधन से राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
कोरोना के बाद और बिगड़ी थी तबीयत
दो वर्ष पहले झारखंड के शिक्षा मंत्री को कोरोना महामारी ने अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल गया था। इस दौरान चेन्नई के अस्पताल एमजीएम में उनके फेफड़ों का प्रत्यारोपण हुआ था। साथ ही, साल 2018 में जगरनाथ को हार्ट अटैक भी आया था। इसके बाद सीएम हेमंत सोरेन ने उनसे अस्पताल में जाकर मुलाकात भी की थी।
Jharkhand education minister Jagarnath Mahato passes away in Chennai, says CM Hemant Soren. pic.twitter.com/WFaGg2Fmgw
— ANI (@ANI) April 6, 2023
मुख्यमंत्री समेत इन नेताओं ने जताया दुख
जगरनाथ महतो के निधन के बाद मुख्यमंत्री सोरेन समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। सीएम ने ट्विटर पर लिखा कि हमारे टाईगर जगरनाथ दा नहीं रहे। आज झारखंड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, मेहनती और लोकप्रिय नेता खो दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को दुख की इस कठिन घड़ी को सहने की शक्ति दें।
बीजेपी के नेता बाबूलाल मरांडी ने शिक्षा मंत्री के निधन पर संवेदनाए व्यक्त करते हुए लिखा कि झारखंड सरकार के मंत्री श्री जगरनाथ महतो जी के चेन्नई के अस्पताल में निधन की बेहद दुखद खबर सामने आई है। वह लंबे समय से बीमारी से योद्धा की तरह लड़े। जगरनाथ जी का इस दुनिया से चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी है।

