Jharkhand Results 2024 : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट सीट से जीते, झारखंड में प्रचंड जीत के बाद शेयर की खूबसूरत तस्वीर

Jharkhand Chunav Result 2024 Live: झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाला गठबंधन राज्य की 81-सदस्यीय विधानसभा की कम से कम 56 सीटों पर बढ़त के साथ सत्ता बरकरार रखने की ओर अग्रसर है।
आक्रामक प्रचार अभियान के बाद राज्य में जीत की अपनी संभावनाओं को लेकर आश्वस्त दिख रहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। NDA 22 सीटों पर आगे है।
बीजेपी का चुनावी मुद्दा संथाल परगना क्षेत्र से ‘घुसपैठियों’ को बाहर निकालना था, लेकिन यह JMM द्वारा खेले गए ‘आदिवासी’ कार्ड के सामने फीका पड़ गया। इसके अलावा JMM को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के कारण लोगों की सहानुभूति भी मिली।
निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 43 सीटों पर लड़ रहा JMM 34 सीटों पर, जबकि 30 सीटों पर लड़ी कांग्रेस 16 सीटों पर, जबकि महज छह सीट पर किस्मत आजमा रहा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) 4 सीटों पर और चार सीट पर लड़ी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन दो सीटों पर आगे है।
झारखंड में 68 सीट पर लड़ी बीजेपी 21 सीट पर आगे है, जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक सीट पर और दो सीट पर किस्मत आजमा रहा जनता दल-यूनाइटेड (JDU) एक सीट पर आगे हैं। आजसू (ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) पार्टी ने 10 सीट पर चुनाव लड़ा था। लेकिन वह सिर्फ एक सीट पर आगे चल रही है। चुनाव में कुल 1,211 उम्मीदवार मैदान में थे।
झारखंड चुनाव में 67.74 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 2000 में राज्य का गठन होने के बाद से सबसे अधिक है। विधानसभा चुनाव दो चरण में 13 और 20 नवंबर को हुआ था। पहले चरण में 43 सीट पर और दूसरे चरण में 38 सीट पर मतदान हुआ था।
साल 2019 के विधानसभा चुनावों में I.N.D.I.A. और NDA के बीच मुकाबला कांटे का रहा था। उसमें JMM ने 30 सीटें जीतीं और BJP को 25 सीटें मिली थी। जबकि 2014 में उसे 37 सीटों पर जीत मिली थी। JMM-कांग्रेस-RJD गठबंधन 47 सीटों के साथ आसानी से बहुमत हासिल करने में सफल हुआ था।



