देश
Manipur: मणिपुर के बिष्णुपुर में अंधाधुंध गोलीबारी, किशोर की गोली मारकर हत्या

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार तड़के अज्ञात बंदूकधारियों ने एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों के मुताबिक, बंदूकधारियों ने फौबाकचाओ इलाके में अंधाधुंध गोलीबारी की। इस दौरान एक किशोर छिपने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इस दौरान उसे गोली लग गई। फायरिंग के बाद नाराज लोग सड़कों पर उतर आए। नाराज स्थानीय लोगों में ज्यादातर महिलाएं थीं।
अधिकारी ने बताया कि हथियारबंद लोगों के दो समूहों के बीच गोलीबारी की सूचना सबसे पहले देर रात करीब डेढ़ बजे फौबाकचाओ के पास चुरंदपुर जिले के अवांग लेईकी और कांगवई से मिली। कुछ घंटों की शांति के बाद सुबह 11.30 बजे से रुक-रुक कर गोलीबारी फिर से शुरू हुई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए कांगवई पहुंचे।
दरअसल, तीन मई को राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से 100 से अधिक लोगों की जान चली गई है और 3,000 से अधिक घायल हुए हैं। हालात को काबू करने और राज्य में सामान्य स्थिति वापस लाने के लिए मणिपुर पुलिस के अलावा लगभग 40,000 केंद्रीय सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।




