Omar Abdullah Oath Ceremony : केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री बनें उमर अब्दुल्ला, राहुल-प्रियंका और अखिलेश समेत विपक्ष के ये नेता रहे मौजूद
अनुच्छेद-370 हटने के पांच साल बाद अब जम्मू-कश्मीर को नई सरकार मिल गई है. नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की मौजूदगी में सीएम पद की शपथ ग्रहण की.
NC के उपाध्यक्ष और मनोनीत मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला आज शपथ ग्रहण समारोह से पहले श्रद्धेय हजरतबल दरगाह पर पहुंचे उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मैं एक पोते के रूप में सिर्फ अपने दादा और दादी की कब्र पर फूल चढ़ाने आया था, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं दरगाह शरीफ हजरतबल में सिर्फ एक मौन प्रार्थना करने आया था ताकि सर्वशक्तिमान अल्लाह से मुझे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की शक्ति देने के लिए कह सकूं. जम्मू-कश्मीर बेहद कठिन समय से गुजरा है. लोगों की बहुत बड़ी उम्मीदें हैं और हमारी चुनौती उन उम्मीदों पर खरा उतरने की है.”
राहुल-प्रियंका गांधी पहुंचे श्रीनगर
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी श्रीनगर पहुंच चुके हैं. दोनों ही नेता जम्मू-कश्मीर की नई उमर अब्दुल्ला सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.
कांग्रेस और सरकार को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक मंत्री पद की शपथ नहीं लेंगे, क्योंकि जम्मू-कश्मीर रीऑर्गनाइजेशन एक्ट, 2019 के तहत सीएम समेत मंत्रियों की संख्या विधानसभा सीटों के 10% से अधिक नहीं हो सकती.
उमर अब्दुल्ला का शपथ ग्रहण समारोह से पहले बयान
उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मैं 6 साल का कार्यकाल पूरा करने वाला आखिरी मुख्यमंत्री था. अब मैं केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का पहला मुख्यमंत्री बनूंगा. 6 साल तक सेवा की, मैं इससे काफी खुश हूं. मुझे उम्मीद है कि केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा अस्थायी है. हम लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं और ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करके शुरू करना होगा.”
फारूक अब्दुल्ला की नेशनल कांफ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 में 90 में से 42 सीटों पर जीत हासिल की, बीजेपी को 29 सीटें मिलीं, कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं, इससे कांग्रेस और एनसी के गठबंधन को 48 सीटें मिलीं.
अनुच्छेद-370 को हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली सरकार बनने वाली है और उमर अब्दुल्ला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं. इस शपथ ग्रहण समारोह को SKICC में सुबह 11.30 बजे किया जाएगा. जम्मू-कश्मीर में पिछले सोमवार को राष्ट्रपति शासन की अवधि समाप्त हो गई, जिससे केंद्र शासित प्रदेश की पहली सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया. एलजी मनोज सिन्हा आज उमर अब्दुल्ला और उनके कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे.