छत्तीसगढ़ में फिर बरसेगा मानसून! 11 जिलों में येलो अलर्ट, कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
नदी-नाले उफान पर, अगले 48 घंटे तक तेज बारिश के आसार; मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी रायपुर में भी रविवार दोपहर हुई झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना जताई है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, मनेन्द्रगढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर, जबकि मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, मगरलोड और चिरमिरी समेत कई इलाकों में 5 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और दुर्ग सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
वहीं राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां कहीं-कहीं भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के आसपास नहीं जाने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


