नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज गुरुवार को कांग्रेस के तीन सदस्यों के आसन के पास आकर तख्तियां दिखाने और नारेबाजी करने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि सदस्य नियोजित तरीके से आकर आसन से कह रहे हैं कि उन्हें निलंबित कर दिया जाए, यह तरीका सही नहीं है।
बता दें कि लोकसभा से तीन सदस्यों- दीपक बैज, डीके सुरेश और नकुल नाथ को संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। सदन की अवमानना के मामले में अब तक लोकसभा के कुल 100 सदस्यों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं अध्यक्ष ने सदन में प्रश्नकाल समाप्त होते ही कांग्रेस के डीके सुरेश, दीपक बैज और नकुल नाथ का नाम लेते हुए कहा कि आप बार-बार सदन की कार्रवाई बाधित कर रहे हैं, तख्तियां दिखा रहे हैं, नारेबाजी कर रहे हैं और कागज फाड़कर लोकसभा कर्मियों पर फेंक रहे हैं। यह सदन की मर्यादा के विरुद्ध है।

