“सिर्फ 10 सेकंड की चूक… और डिक्की से गायब हुए 2 लाख! दिनदहाड़े वकील बना शातिर चोरों का शिकार”
बैंक से पैसे निकालते ही पीछा कर रहे थे बदमाश, बातों में उलझते ही कर दी वारदात—CCTV में कैद हुई खौफनाक चालाकी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कटघोरा इलाके में दिनदहाड़े हुई उठाईगिरी की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। चंद सेकंड की लापरवाही ने एक अधिवक्ता को भारी नुकसान पहुंचा दिया, जब बैंक से निकाले गए 2 लाख रुपये शातिर बदमाशों ने पल भर में पार कर दिए।
मिली जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता एवं व्यवसायी सुरेश शर्मा बैंक ऑफ बड़ौदा से नकदी निकालकर बाहर निकले थे। उन्होंने पैसों से भरा बैग अपनी कार की डिक्की में रखा और वाहन में बैठ गए।
इसी दौरान वे किसी व्यक्ति से बातचीत में उलझ गए—और यही चोरों के लिए मौका बन गया। पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने बड़ी सफाई से गाड़ी की डिक्की खोली और बैग निकालकर फरार हो गए।
जब तक सुरेश शर्मा को इस चोरी की भनक लगती, तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक नजर आया है। उसने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था और सिर पर टोपी पहनी हुई थी। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे वह गाड़ी की डिक्की से बैग निकालता है और अपने साथी के साथ बाइक में बैठकर कटघोरा बस स्टैंड की ओर भाग जाता है।
कटघोरा थाना प्रभारी ने मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

