रायपुर में बिजली कंपनी के यार्ड में आगजनी की जांच पूरी, जानें कितने करोड़ का हुआ नुकसान, जांच समिति पर दोषियों को बचाने के आरोप

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुढियारी स्थित अप्रैल महीने में बिजली कंपनी के यार्ड में आग लगने की घटना में लगभग 50 करोड़ रुपए के नुकसान की बात जांच समिति ने कही है । इस घटना के लिए बिजली कंपनी की ओर से बनाई गई जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट प्रबंधन को सौंप दी है ।
इस मामले में बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक आर के शुक्ला के मुताबिक जांच रिपोर्ट उनके पास आ गई है। बहुत जल्द ही जांच रिपोर्ट का अध्ययन कर जो भी दोषी पाए गए हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
वहीं इस घटना की जांच और जांच समिति पर बिजली कर्मचारी महासंघ ने सवाल खड़े कर दिए हैं ।बिजली कर्मचारी महासंघ के सलाहकार अरुण देवांगन के मुताबिक महासंघ ने इस घटना के लिए बनाई गई जांच समिति से मिलने का समय मांगा था। ताकि वो अपने सुझाव दे सकें, लेकिन समिति ने उन्हे मिलने का समय दिया गया। कर्मचारी महासंघ के मुताबिक जांच समिति ने नुकसान का आंकलन सही बताया है, लेकिन इस घटना के लिए जिम्मेदार कुछ लोगों को बचाने का प्रयास भी किया गया है ।
