छत्तीसगढ़

“CCTV में कैद हुई चोरी की साजिश… फिर एक-एक कर दबोचे गए शातिर!”

बिलासपुर में 4 बड़ी चोरी का सनसनीखेज खुलासा, सिविल लाइन पुलिस ने 4 चोरों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर।
शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों के बीच सिविल लाइन पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने मंगला क्षेत्र स्थित मां ज्वेलर्स, आजाद चौक, सनसिटी मंगला समेत चार बड़ी चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के मुताबिक, इन चोरियों का खुलासा CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर किया गया। ASP (शहर) पंकज कुमार पटेल ने बताया कि चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सुम्मत राम साहू के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम गठित की गई थी, जिसने योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों को धर दबोचा।

चारों आरोपी एक ही इलाके के, उम्र महज 19-20 साल

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
सोनू उर्फ शिवा सूर्यवंशी (20), राहुल सूर्यवंशी (19), आदित्य सूर्यवंशी (19) और नंद कुमार केवट (19) के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि चारों आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं और बेहद कम उम्र में संगठित चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

₹4.24 लाख के जेवर और नकद बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹4.24 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और ₹26 हजार नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह और भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है

नेटवर्क की परतें खुलेंगी, फॉरेंसिक जांच जारी

ASP पंकज कुमार पटेल ने बताया कि आरोपियों के नेटवर्क, अन्य साथियों और संभावित वारदातों को लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक जांच के जरिए सबूतों को मजबूत किया जा रहा है।

व्यापारियों ने ली राहत की सांस

चार बड़ी चोरियों के खुलासे के बाद व्यापारी वर्ग और शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। व्यापारियों ने पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की जमकर सराहना की है।

पुलिस की सख्त चेतावनी

सिविल लाइन पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि चोरी, लूट और आपराधिक गतिविधियों पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें

इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बिलासपुर पुलिस अपराधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है, और आने वाले दिनों में और भी सख्त अभियान चलाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button