“एयरपोर्ट बना ड्रग तस्करी का नया अड्डा!”
दिल्ली से रायपुर आई इंडिगो फ्लाइट में करोड़ों की कोकीन, रायपुर एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग माफिया की खौफनाक साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। रायपुर एयरपोर्ट पर माना पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को दबोच लिया है, जो दिल्ली से इंडिगो की उड़ान में सवार होकर करोड़ों की कोकीन लेकर रायपुर पहुंचा था।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस ने एयरपोर्ट पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 270 ग्राम कोकीन पाउडर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
हवाई रास्ते से नशे की सप्लाई, एजेंसियों को दिया चकमा
जमीनी स्तर पर लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद ड्रग तस्करों ने अब अपनी रणनीति बदल ली है। सड़क और ट्रेन के बजाय अब हवाई रास्ते को सुरक्षित मानकर तस्करी की जा रही है।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट पर मौजूद कड़ी सुरक्षा, CISF, DRI और दिल्ली पुलिस जैसी एजेंसियों की निगरानी को चकमा देकर आसानी से निकल गया। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस कमिश्नरी सिस्टम में पहली बड़ी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि लंबे अरसे बाद रायपुर एयरपोर्ट पर ड्रग तस्कर की गिरफ्तारी हुई है। वहीं, पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद यह पहला बड़ा ड्रग केस माना जा रहा है, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद
फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके Backward और Inward Contacts को लेकर सघन पूछताछ कर रही है। पुलिस को शक है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, शाम तक इस मामले में और बड़े खुलासे किए जा सकते हैं।
रायपुर एयरपोर्ट पर हुई यह गिरफ्तारी साफ संकेत है कि ड्रग माफिया अब आम रास्तों से नहीं, बल्कि आसमान के रास्ते शहरों में जहर पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।


