कवर्धा में ट्रांसपोर्ट नगर को लेकर बड़ा फैसला? डिप्टी CM विजय शर्मा ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, ट्रक मालिकों से भी की चर्चा
शहर में भारी वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करने की कवायद तेज, ट्रांसपोर्ट नगर के लिए नए और उपयुक्त स्थान के चयन पर हुआ मंथन

कवर्धा, 10 सितंबर 2026। शहर में भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गुरुवार को ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
मौजूदा व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ट्रांसपोर्ट नगर की वर्तमान व्यवस्था को देखा और क्षेत्र में यातायात के सुचारू संचालन को लेकर जानकारी ली। उन्होंने ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधियों के साथ ट्रांसपोर्ट नगर की मौजूदा स्थिति और उससे जुड़ी आवश्यकताओं पर चर्चा की।
नए स्थान के चयन पर भी हुआ विचार
बैठक के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त स्थान के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ आम नागरिकों को यातायात से होने वाली असुविधा से राहत दिलाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए ट्रांसपोर्ट नगर की बेहतर और सुव्यवस्थित व्यवस्था आवश्यक है, ताकि भारी वाहनों का संचालन शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित किए बिना किया जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, मनीराम साहू, राजेंद्र मिश्रा, रिंकेश वैष्णव, हेमचंद चंद्रवंशी, सचिन गुप्ता, अमित वर्मा सहित ट्रक मालिक संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

