CG NEWS: सरकार को 45,000 संविदा कर्मचारियों ने दी सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी, पूर्व CM रमन सिंह ने किया समर्थन, बोले- BJP जनघोषणा पत्र में शामिल करेगी संविदा नियमितिकरण
रायपुर. संविदा कर्मचारियों ने एस्मा लगाए जाने से धरना स्थल पर संविदा प्रथा का पुतला दहन कर आज 45000 संविदा कर्मचारियों का सामूहिक त्यागपत्र देने की चेतावनी दी है. कर्मचारियों का कहना है कि, सरकार उनके हड़ताल को दमनपूर्वक तोड़ने हथकंडे अपना रही है. वहीं आज धरना स्थल पर आकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, ओपी चौधरी और प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास ने हड़ताल का समर्थन देते हुए स्वास्थ्य कर्मचारियों पर एस्मा लगाए जाने का विरोध किया.
डॉ. रमन ने संविदा कर्मचारियों से कहा कि, मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार ने वहां के संविदा कर्मचारियों के जीवन से अस्थिरता खत्म कर समान काम समान वेतन दिया है. छत्तीसगढ़ में जनघोषणा पत्र में वादा कर भी वादे पूरे किए जाने के लिए हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों पर एस्मा लगाए जाना सरकार की कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है. इस मुद्दे पर हम संविदा कर्मचारियों के साथ हैं. भाजपा अपने 2023 के जनघोषणा पत्र में संविदा कर्मचारियों के नियमितिकरण को प्राथमिकता के साथ शामिल करेगी.



