देश

 मध्य प्रदेश: सड़क हादसे में होमगार्ड जवान की मौत: मतदान कर्मियों को लेकर लौट रही बस खड़े ट्रक से टकराई, 9 घायल

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां मतदान कर्मियों को लेकर वापस लौट रही बस सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। भीषण हादसे में एक होमगार्ड जवान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 9 मतदान कर्मियों के घायल होने की खबर है। इनमे से दो ही हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि एक ट्रक का टायर फटने से वह बीच रोड पर खड़ा था। तभी अचानक तेज रफ्तार बस ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मतदान सामग्री जमा करने के बाद बस में सवार होकर शिक्षक और पुलिस जवान वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे में जिस होमगार्ड जवान की मौत हुई है, उसका नाम मनोहर सिंह पिता प्रभु सिंह उम्र 34 वर्ष है।वह राजस्थान के राजसमंद जिले खिमखेड़ा का निवासी था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को पहले सीतामऊ प्राथमिक केंद्र भेजा गया जहां से दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

डिप्टी सीएम देवड़ा ने जताया शोक 

मंदसौर में मतदान कर्मियों के साथ हुए बस हादसे पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर दुःख जताया है। साथ ही मृतक जवान को श्रद्धांजलि देते हुए स्थानीय अधिकारियों को घायलों को उपचार देने के निर्देश दिए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button