छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के शहरों की बदलेगी तस्वीर! एक साथ 21 युवा टाउन प्लानर्स की एंट्री, CM साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र

राज्य बनने के 25 साल बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में इतनी बड़ी नियुक्ति, मुख्यमंत्री ने कहा- अब इन युवाओं के कंधों पर भविष्य के शहरों की जिम्मेदारी

रायपुर, 09 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को अब नई दिशा देने की तैयारी है। राज्य निर्माण के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

नियुक्ति पत्र प्रदान करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं के अनुसार किया जाना चाहिए। उन्होंने नवचयनित युवा टाउन प्लानर्स को प्रदेश के भविष्य के शहरों और कस्बों को व्यवस्थित आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।

25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 अधिकारी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन को 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस दौरान नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि इस बार एक साथ 21 युवा अधिकारियों को नियुक्ति दी गई है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नियुक्ति नहीं, बल्कि तेजी से बदलते छत्तीसगढ़ की जरूरतों के अनुरूप विभाग को अधिक मानव संसाधन और प्रोफेशनल क्षमता से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।

शहरों का भविष्य तय करेंगे ये युवा अधिकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है। गांवों से शहरों की ओर आबादी का विस्तार हो रहा है और नगरों की सीमाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। प्रमुख सड़कों और शहरों के आसपास नई बसाहटें विकसित हो रही हैं।

ऐसे में आवासीय क्षेत्र, व्यावसायिक गतिविधियां, सड़कें, परिवहन, सार्वजनिक स्थल, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं की दीर्घकालीन योजना बेहद जरूरी है।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि टाउन प्लानिंग सिर्फ नक्शा बनाने या भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर नागरिकों के जीवन और शहरों के भविष्य पर पड़ता है। अच्छी योजना शहरों को व्यवस्थित बनाने के साथ भविष्य में अनियोजित विस्तार से पैदा होने वाली समस्याओं को भी रोक सकती है।

ईमानदारी और पारदर्शिता से काम करने की नसीहत

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से कहा कि शासकीय सेवा जनता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों द्वारा लिया गया हर निर्णय किसी न किसी रूप में आम नागरिक के जीवन को प्रभावित करता है।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी तकनीकी शिक्षा, आधुनिक ज्ञान और नवाचार का इस्तेमाल प्रदेश के बेहतर नियोजन के लिए करना चाहिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

विकसित छत्तीसगढ़ के लिए तैयार हो रहा नया विजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने आने वाले वर्षों के विकास की दिशा तय करते हुए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर रू विजन 2047’ तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाएं और युवाओं के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शासन-प्रशासन के साथ युवाओं और आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक और शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। बिजली विभाग में भी 1200 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है।

O.P. चौधरी बोले- जिस पारदर्शिता से नियुक्ति मिली, वही जनता तक पहुंचाएं

वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुनियोजित शहरीकरण की अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि इस बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है, जिससे विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि उनकी नियुक्ति पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया से हुई है। इसलिए अब उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि इसी पारदर्शिता और ईमानदारी को अपनी कार्यशैली का आधार बनाएं।

नई पीढ़ी के अधिकारियों से विकास को मिलेगी रफ्तार

वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम साबित होगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button