उत्तर प्रदेश: पांच लोगों की हत्या के बाद भी शांत नहीं हुए थे हैवान, एक और घटना को देने जा रहे थे अंजाम
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर गांव में 2 अक्टूबर की सुबह हुई 6 लोगों की हत्या में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने घटना के दिन का पूरा माहौल बयां किया है।
उन्होंने बताया कि आक्रोशित भीड़ हत्या के बाद भी शांत नहीं हुई थी।
उड़ गए थे पुलिसकर्मियों के होश घटना के दिन किसी ग्रामीण ने डायल 112 पर फोन करके प्रेम चंद यादव के मृत होने की सूचना दी। पुलिसकर्मी तुरंत गांव की तरफ निकले। जब वे गांव पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। एक आदमी की मौत की जानकारी पर गांव पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जब एक ही परिवार के 5 लोगों की लाश देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी।
सत्य प्रकाश दुबे के घर को आग के हवाले करने वाले थे हमलावर डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती सब कुछ खत्म हो चुका था। अंदर 5 लाशें पड़ी थी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि जब हम पहुंचे तब देखा कि सत्य प्रकाश दुबे के घर को चारो तरफ से भारी भीड़ ने घेर रखा था। एक व्यक्ति चिल्लाते हुए घर में आग लगाने के प्रेरित कर रहा था। कोई डीजल लाने को कह रहा था तो कोई पेट्रोल।
हूटर की आवाज सुन भागे हमलावर आग लगाने की योजना बन चुकी थी। डीजल और पेट्रोल की तलाश की जा रही थी। इसी बीच पुलिस का हूटर उन उपद्रवियों को सुनाई दिया। हूटर की आवाज सुन हमलावार मौके से फरार हो गये।
बेटी सलोनी का हिल रहा था पैर पुलिसकर्मियों और घटना के गवाह कुछ ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह प्रेम, सत्यप्रकाश के दरवाजे पर गिरे थे। गंभीर हालत में वह पानी मांग रहे थे। पर कुछ ही देर बाद वह शांत पड़ गए। बेटी सलोनी का पैर हिल रहा था जो थोड़ी देर बाद शांत हो गया। किसी को छोड़ना नहीं है
प्रेम जब जमीन पर गिरे थे तो उनका भाई छाती पीट-पीटकर रोने लगा और चिल्लाने लगा कि किसी को छोड़ना नहीं है। फिर इसके बाद दूबे परिवार पर हमला बोल दिया गया।
ये है पूरा मामला बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में 2 अक्तूबर को सुबह छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसकी तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।


